इटावा में डीएफसी रेलवे लाइन किनारे युवक का संदिग्ध शव बरामद, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

इटावा: बसरेहर थाना क्षेत्र में डीएफसी रेलवे लाइन के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.

मृतक की पहचान शहर की आईटीआई आसरा कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय मोहम्मद चांद पुत्र चमन के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है.

परिजनों के अनुसार मोहम्मद चांद तीन भाइयों में सबसे बड़ा और अविवाहित था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार को वह रोज़ की तरह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसने बताया था कि वह माल गोदाम पर सीमेंट की बोरियां उतारने जा रहा है। इसके बाद वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में बोरियां लदवाकर हरिहरपुर गया था.

परिवार ने बताया कि मृतक की जेब से साईं जी इंटरप्राइजेज की एक पर्ची मिली है, जिस पर कृष्णा एसोसिएट्स, हरिहरपुर का नाम दर्ज है। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह उसी फर्म में काम करने गया था, लेकिन संबंधित फर्म की ओर से अब तक परिवार को कोई जानकारी नहीं दी गई है.

घटनास्थल को लेकर भी सवाल
परिजनों ने घटनास्थल पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि जहां शव मिला, वह रेलवे ट्रैक से करीब 15–20 फीट ऊंचाई पर है, ऐसे में युवक का स्वयं वहां पहुंचना संदिग्ध है। परिवार को आशंका है कि युवक के साथ कोई अनहोनी हुई है और मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस का पक्ष
थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत मालगाड़ी की चपेट में आने से प्रतीत होती है। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने स्पष्ट किया कि परिवार की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

close