घर में घुसी बाघिन, बिस्तर पर जमाया डेरा, ग्रामीण पर हमला कर पैर किया घायल

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे उमरिया जिले के पनपथा रेंज अंतर्गत बेल्दी गांव में सोमवार को उस समय दहशत फैल गई, जब एक बाघिन खेतों से होते हुए सीधे गांव की आबादी में घुस आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघिन पहले गांव के आसपास चहलकदमी करती रही और फिर एक घर में प्रवेश कर गई। हैरानी की बात यह रही कि बाघिन घर के अंदर रखे बिस्तर पर जाकर इस तरह बैठ गई, मानो वह मेहमान बनकर आई हो।
जानकारी के मुताबिक बाघिन ने इससे पहले गांव के एक ग्रामीण गोपाल कोल पर हमला कर दिया। इस हमले में बाघिन ने गोपाल के पैर को मुंह में दबोच लिया और उसे खींचने लगी। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघिन उसे छोड़कर आगे बढ़ गई, जिससे गोपाल की जान बच सकी। हालांकि इस हमले में उसके पैर की पिंडली बुरी तरह जख्मी हो गई और फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद घायल गोपाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। हमले के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
बाघिन इसके बाद गांव के पुजारी दुर्गा प्रसाद द्विवेदी के घर में जा घुसी। संयोगवश उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। बाघिन देर शाम तक घर के अंदर ही डटी रही। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उसने एक ग्रामीण के मवेशी का शिकार किया था।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गांव को घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी गई। लाउडस्पीकर के जरिए ग्रामीणों से घरों में रहने और सतर्कता बरतने की अपील की गई। पुलिस बल भी एहतियात के तौर पर तैनात किया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह क्षेत्र टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है और यहां पहले भी बाघों की आवाजाही देखी गई है। फिलहाल प्राथमिकता बाघिन को सुरक्षित तरीके से गांव से बाहर निकालने और किसी भी तरह की जनहानि रोकने की है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।









