सुपौल में आपसी विवाद को लेकर ताबड़तोड़ गोलीबारी, युवक को अपराधियों ने मारी गोली

सुपौल: सुपौल में अपराधियों को मनोबल थमने का नाम नहीं ले रहा है, एक बार फिर अपराधियों ने मामूली विवाद को लेकर युवक के घर पर चढ़ पर गोली मार दी. गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है. दरअसल आपको बता दें कि किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलापट्टी पंचायत के वार्ड नंबर 4 में शुक्रवार की दोपहर मामूली विवाद में वार्ड चार निवासी शिवकुमार महतो (42) को उनके घर पहुंच दो दर्जन की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया.

घायलावस्था में उन्हें स्थानीय ग्रामीण और स्वजन के सहयोग से उपचार के लिए सीएचसी किशनपुर ले जाया गया जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल भेज दिया. ग्रामीणों के अनुसार गांव के ही अशोक यादव के पुत्र आलोक कुमार और शिवकुमार महतो के पुत्र सुभाष कुमार के बीच गुरुवार की संध्या परसा हाट पर किसी मामले को लेकर कहासुनी हुई थी. इसके बाद शुक्रवार को आलोक कुमार अपने अन्य साथियों के साथ शिवकुमार महतो के घर पर पहुंच कर उनके साथ मारपीट करने लगा.

इस दौरान मारपीट के क्रम में आलोक के द्वारा शिव कुमार महतो के ऊपर गोली चला दी गई. जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. बीच बचाव करने आए शिवकुमार महतो के भाई सहित उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी सभी लोगों ने मारपीट की. घटना के बाद आसपास के लोगों के द्वारा इस बात की सूचना थानाध्यक्ष को दी गई. मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया.

इधर गोली लगने के सूचना पर घायल के घर भारी संख्या में लोगों का जमावड़ा हो गया. घायल की पत्नी एवं अन्य का रो-रो कर बुरा हाल है. इस दौरान सूचना पर पहुंचे डीएसपी शिवेंद्र कुमार अनुभवी ने घटना की जानकारी ली एवं स्वजन को अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया. इस बाबत थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि मामले में अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. कहे गए नाम के नाम के आधार पर विभिन्न जगहों पर छापेमारी की जा रही है जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

close