मवेशी तस्करी के शक में बेरहमी से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार; आरोप- 20 से 30 लोग थे शामिल

धमतरी: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मवेशी तस्करी के संदेह में मवेशी व्यापारियों के साथ बेरहमी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम भरदा में हुई थी.
मिली जानकारी अनुसार, 20 से 30 लोग इस घटना में शामिल थे, जिन्होंने कथित तौर पर व्यापारियों को लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा और ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर पेशाब भी किया. जिन लोगों के साथ मारपीट हुई, उनकी पहचान वेदप्रकाश साहू, सतीश साहू और बलराम साहू के रूप में हुई है, जो धमतरी जिले के रांवा गांव के निवासी हैं. पीड़ितों पर मवेशी तस्करी का संदेह था.
प्रार्थी ने थाना अर्जुनी (धमतरी) में दर्ज कराई थी रिपोर्ट
जब प्रार्थी सतीष साहू (31 वर्ष) निवासी रांवा, थाना अर्जुनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी वेदप्रकाश साहू और बलराम साहू के साथ छह नग मवेशी बछड़ा लेकर करहीभदर मवेशी बाजार जा रहे थे. तभी रात ग्राम भरदा–पेंवरो मोड़ के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली. उन आरोपियों ने गाड़ी की चाबी निकालकर तीनों को नीचे उतारा और गाली-गलौच करते हुए डंडा एवं हाथ मुक्के से मारपीट की. मारपीट में तीनों घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए धमतरी क्रिश्चियन अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां एक घायल बलराम साहू के पैर में फ्रैक्चर पाया गया.
वायरल वीडियो से हुई तीन संदिग्धों की पहचान
पुलिस ने अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जांच के दौरान घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्धों धरम सारथी, दुष्यंत शिल्पी और खोमेंद्र उर्फ दद्दू सोरी की पहचान की गई. आरोपियों को थाने बुलाकर कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़ितों द्वारा शिनाख्त कराया गया. पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त डंडा ज़ब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. चिकित्सकीय परीक्षण के बाद गुरूर पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 117(2), 126(2), 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है. जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.









