सुपौल में दर्दनाक सड़क हादसा: घर के बाहर खेल रहे 6 साल के मासूम को वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

सुपौल: सुपौल में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, इस हादसे में एक मासूम की मौत हो गई है. जिससे परिजन में कोहराम मचा हुआ है. दरअसल आपको बता दे कि जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-327ए सड़क मार्ग पर सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में छह वर्षीय बालक की मौत हो गई.
यह घटना सरायगढ़ मस्जिद चौक के समीप उस समय हुई, जब एक चार चक्का वाहन ने घर के पास खेल रहे बच्चे को कुचल दिया. मृतक की पहचान सरायगढ़ वार्ड संख्या 13 निवासी मोहम्मद दिलशाद के छह वर्षीय पुत्र मोहम्मद रेहान के रूप में हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भपटियाही बाजार की ओर से सुपौल की दिशा में जा रही एक तेज रफ्तार चार चक्का वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खेल रहे मासूम को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे.
मोहम्मद रेहान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं. बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग भी घटना से गहरे सदमे में हैं और शोक व्यक्त कर रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दूबे ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने एनएच-327ए पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सरायगढ़ मस्जिद चौक के पास सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.










