जमीन और रास्ते के विवाद में भिड़े दो परिवार, 14 लोगों पर केस: टांगी, रॉड और डंडों से हमले में 4 घायल

रायगढ़ जिले में जमीन और रास्ते को लेकर चल रहा पुराना विवाद एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान टांगी, रॉड और डंडों से हमला किए जाने का आरोप है। घटना में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 14 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला कापू थाना क्षेत्र का है। ग्राम समनिया निवासी सहदेव सक्सेना ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाले परदेशी बघेल के परिवार से जमीन और रास्ते को लेकर करीब दो साल से विवाद चल रहा है। यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। आरोप है कि विवादित रास्ते से आने-जाने को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी कहासुनी होती रही है।
घर पहुंचकर मारपीट करने का आरोप
सहदेव के मुताबिक, वह सुबह अपने घर पर था। इसी दौरान बिनोद बघेल, राकेश बघेल, रोशन बघेल, मालिक राम बघेल, राजेश बघेल, करिश्मा बघेल, मीना बघेल, अंशु बघेल, सरिता बघेल और पदमा बघेल वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जमीन विवाद को लेकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे, रॉड और अन्य हथियारों से हमला कर दिया।
इस दौरान सहदेव के पिता बसंत सक्सेना और इतवारी बाई के साथ भी मारपीट की गई। हमले में तीन लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिजन घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। सहदेव की शिकायत पर पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
वहीं, दूसरे पक्ष के बिनोद बघेल ने भी कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि बसंत सक्सेना के साथ उसका पुराना जमीन विवाद है और मामला धरमजयगढ़ न्यायालय में चल रहा है। बिनोद के अनुसार, वह तीन मजदूरों के साथ पत्थलगांवखुर्द कापू जा रहा था। इसी दौरान बसंत सक्सेना, जयपाल सक्सेना, सहदेव सक्सेना और इतवारी बाई सक्सेना ने पुराने जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर उसे रोककर धमकी दी और डंडे व हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
मारपीट में बिनोद को भी चोटें आईं। उसकी शिकायत पर पुलिस ने बसंत सक्सेना, जयपाल सक्सेना, सहदेव सक्सेना और इतवारी बाई सक्सेना के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और घटनाक्रम के आधार पर मामले की जांच कर रही है।










