सेल्फ ड्राइव कार हादसे के बाद 2 लाख की वसूली का आरोप, दो युवक गिरफ्तार; चार लग्जरी वाहन जब्त

दुर्ग में सेल्फ ड्राइव पर दी गई कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद नुकसान की भरपाई के नाम पर दो युवकों को कथित तौर पर जबरन कार में बैठाकर ले जाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार मालिक पक्ष के दो युवकों ने पीड़ितों से 2 लाख रुपए की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्मचारी नगर निवासी ऋषि बघेल उर्फ राज (24) और ग्राम फुलझर, थाना सोमनी, राजनांदगांव निवासी प्रियांशु मंडल (20) के रूप में हुई है। दोनों पर युवकों को जबरन एक्सयूवी-500 में बैठाकर अंजोरा ले जाने और कार की मरम्मत के खर्च के नाम पर रकम मांगने का आरोप है। मामला पदमनाभपुर थाना क्षेत्र का है।
कार दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, करीब एक महीने पहले कर्मचारी नगर में संचालित सेल्फ ड्राइव टूर एंड ट्रैवल्स से एक महिला के वयस्क बेटे और उसके दोस्तों ने कार किराए पर ली थी। इसी दौरान उनके पास मौजूद स्कोडा रैपिड दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार को हुए नुकसान की भरपाई को लेकर किराएदार युवकों और वाहन मालिक पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि 6 अगस्त को ऋषि बघेल अपने साथी प्रियांशु मंडल के साथ एक्सयूवी-500 से बोरसी सोसायटी चौक स्थित महावीर ग्राउंड के पास पहुंचा। वहां मौजूद दो युवकों को दोनों ने कथित तौर पर जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और अंजोरा की ओर ले गए। इसके बाद एक मार्ट के सामने गाड़ी रोककर स्कोडा रैपिड की मरम्मत के लिए 2 लाख रुपए देने का दबाव बनाया गया।
रकम नहीं देने पर मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, 2 लाख रुपए देने से इनकार करने पर दोनों आरोपियों ने युवकों के साथ मारपीट की। घटना के बाद 7 अगस्त को एक महिला ने पदमनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर 11 अगस्त को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार वाहन भी जब्त किए हैं। इनमें डिजायर (CG 10 AX 3249), ऑडी (CG 04 DQ 1000), स्कोडा रैपिड (CG 13 U 2251) और एक्सयूवी-500 (CG 12 C 3930) शामिल हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस मामले में आरोपों से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है और घटना में शामिल परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।










