रीवा: बोलेरो और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

रीवा: गुढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरसैता और डढ़वा के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है.
मृतक के भाई जयलाल कोल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना कल 3 फरवरी की शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच हुई. उनके छोटे भाई सूरज रावत (निवासी हिनौता) अपने साथी मनोज के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के बाद गुढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित बोलेरो को जब्त कर लिया है और उसे गुढ़ थाने में खड़ा कराया गया है. हालांकि, वाहन चालक के संबंध में फिलहाल स्पष्ट जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है. घायल मनोज का इलाज जारी है और सूरज के शव का आज दोपहर 2 बजे पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौप दिया है.










