उत्तर प्रदेश: चलती कार बनी आग का गोला; सवारियों ने कूदकर बचाई जान, बीच सड़क पर मचा हड़कंप

अयोध्या: यूपी में बीकापुर से शहर जा रही कार में अचानक आग लग गई. चालक व सवारियों ने कूदकर जान बचाई. कार पूरी तरह जल गई और मौके पर जाम लग गया. फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में आग बुझाई. घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, पुलिस कारणों की जांच कर रही है.
अयोध्या जिले के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना शिवदासपुर चौराहे से आगे कृषि विज्ञान केंद्र के पास हुई, जहां बीकापुर से शहर की ओर जा रही कार अचानक आग की लपटों में घिर गई. घटना दोपहर करीब सवा एक बजे की बताई जा रही है. कार में अचानक धुआं उठता देख चालक और अन्य सवारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए वाहन रोक दिया और कूदकर बाहर निकल आए, जिससे सभी की जान बच गई.
देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा. सड़क के बीचोंबीच कार में आग लगने से यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर लंबा जाम लग गया. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही पूरा कलंदर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जलकर नष्ट हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और धीरे-धीरे जाम हटाने की कार्रवाई शुरू की. घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर आवाजाही बाधित रही.
पूरा कलंदर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. पुलिस ने लोगों से वाहन की नियमित जांच कराने की अपील भी की है.










