वडनगर टू वाराणसी… PM मोदी आज ‘सेवा यात्रा’ के बाइकर्स से करेंगे बात, जानेंगे गांव-गांव का अनुभव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार को ‘सेवा यात्रा’ के प्रतिभागियों से बात करेंगे. ये बातचीत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी. इस दौरान पीएम मोदी बाइक सवारों से गांव-गांव का अनुभव जानेंगे. ‘सेवा यात्रा’ में मोटरसाइकिल रैली निकाली जा रही है.

रैली वडनगर से वाराणसी तक जा रही है. रास्ते में कस्बों, जिलों और गांवों से गुजरते हुए सेवा की भावना को आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है. पीएम मोदी गुरुवार सुबह 9 बजे समूहों में यात्रा कर रहे लोगों से संवाद करेंगे.

7 अक्टूबर को समाप्त होंगी दोनों रैलियां

पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर को दो मोटरसाइकिल रैलियां शुरू की गई थीं. एक वडनगर से वाराणसी और दूसरी वाराणसी से वडनगर. दोनों रैलियां 7 अक्टूबर को समाप्त होंगी. यह आयोजन पीएम मोदी के चुने हुए प्रतिनिधि के रूप में 25 साल पूरे होने पर किया जा रहा है.

यह सेवा और समाज से जुड़ने का बड़ा अभियान- आयोजक

आयोजकों के मुताबिक, यह सिर्फ मोटरसाइकिल यात्रा नहीं है. यह सेवा और समाज से जुड़ने का बड़ा अभियान है. यात्रा के दौरान सेवा यात्री कई जगहों पर रुकते हैं. वहां स्थानीय जरूरतों के हिसाब से सेवा के काम करते हैं. जैसे तालाब, मंदिर, स्कूल, पार्क, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक जगहों पर सफाई अभियान चलाना. ग्राम सभाओं में बातचीत करना, युवाओं से चर्चा करना, गौ सेवा करना और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पेड़ लगाना. यात्रा का एक खास मकसद लोगों से सीधा संवाद करना भी है.

आयोजकों का कहना है कि यह यात्रा सेवा, जनसंपर्क, युवा भागीदारी, सामाजिक कल्याण, सांस्कृतिक जुड़ाव और सामुदायिक सहभागिता जैसे कई पहलुओं को एक साथ लेकर देश के जमीनी स्तर तक पहुंचाने का प्रयास है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close