बलिया: गांव से 500 मीटर दूर पेड़ से लटकता मिला विवेक का शव, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका

बलिया: यूपी के बलिया में इब्राहिम्पट्टी गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला. मृतक की पहचान विवेक पटेल उम्र 26 पुत्र राजेश पटेल निवासी इब्राहिम्पट्टी के रूप में हुई है. शव गांव से करीब 500 मीटर की दूरी पर एक पेड़ से लटका मिला.
परिजनों के अनुसार विवेक सोमवार रात घर नहीं लौटा था. देर रात तक उसके घर न पहुंचने पर परिजनों ने गांव और आसपास में काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेत की ओर पेड़ से शव लटकता देखा. जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई.
मृतक के चाचा के बेटे दीपक पटेल ने आरोप लगाया की विवेक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं. उन्होंने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि विवेक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी,फिर भी उसकी संदिग्ध हालात में मौत कई सवाल खड़े कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक विवेक तीन बहनों में इकलौता भाई था.उसकी मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है. विवेक के पिता की गांव में दुकान है और परिवार सामान्य जीवन जी रहा था. अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com