दान पेटियों से निकलीं श्रद्धालुओं की मन्नतें, मां दंतेश्वरी से नौकरी, विवाह और स्वास्थ्य के लिए की गई प्रार्थनाएं

दंतेवाड़ा स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर की नौ दान पेटियां खोली गईं, जिनसे करीब 19 लाख 44 हजार 483 रुपये नकद के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पत्र भी प्राप्त हुए। इन पत्रों में भक्तों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याओं और इच्छाओं को देवी के सामने रखते हुए मन्नतें मांगी हैं।
दान पेटियों से निकले पत्रों में किसी ने अपने प्रेम संबंध को विवाह में बदलने की प्रार्थना की, तो किसी ने सरकारी या निजी नौकरी पाने की कामना जताई। कई श्रद्धालुओं ने बीमारी से मुक्ति, परिवार की सुख-शांति और आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए भी देवी से आशीर्वाद मांगा है।
एक युवती ने पत्र में नौकरी के लिए परीक्षा पास कराने और अपने बॉयफ्रेंड से विवाह कराने की मन्नत मांगी। वहीं एक अन्य भक्त ने परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और परिजनों की बीमारी का उल्लेख करते हुए सहायता की गुहार लगाई। कुछ पत्रों में बिछड़े हुए प्रेम को फिर से मिलाने की प्रार्थना भी की गई है।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की निजता को ध्यान में रखते हुए सभी पत्रों को गोपनीय रखा है और सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किए जाने वाले पत्रों को धुंधला कर दिया गया है।
दान पेटियों को प्रशासनिक अधिकारियों, मंदिर समिति के सदस्यों और कर्मचारियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोला गया। नकद राशि के साथ-साथ सोने-चांदी के आभूषण, हार, चेन, अंगूठी, पायल और सिक्के भी प्राप्त हुए हैं, जिनका अलग से मूल्यांकन किया जाएगा।
मंदिर समिति के अनुसार, प्राप्त दान राशि का उपयोग मंदिर के विकास, व्यवस्थाओं के सुधार और धार्मिक गतिविधियों में किया जाएगा। पूरी राशि को बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि मां दंतेश्वरी मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है, जहां वर्ष भर लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नवरात्रि और प्रमुख पर्वों के दौरान यहां भक्तों की संख्या और दान में विशेष वृद्धि देखी जाती है।










