औरंगाबाद: ट्रेन से गिरकर घायल महिला की सदर अस्पताल में मौत, मासूम बच्ची का उपचार जारी

औरंगाबाद: सदर अस्ताल में इलाजरत एक महिला की मौत हो गई. जबकि उसकी मासूम बच्ची अस्पताल के ही चिकित्सा वार्ड में इलाजरत है. महिला की पहचान नहीं हो सकी है. दरअसल, महिला और उसकी बच्ची को नवीनगर पुलिस द्वारा नवीनगर रेलवे स्टेशन से घायल अवस्था में सदर अस्पताल लाया गया था. जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. जबकि बेटा इलाजरत है.

सदर अस्पताल के कर्मियों ने बताया कि शुक्रवार की देर रात नवीनगर पुलिस द्वारा घायल अवस्था में महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. वह मूर्छित अवस्था में थी. महिला को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया और उसकी मासूम बेटी को शिशु वार्ड में नवीनगर थाना की पुलिस महिला और उसकी बेटी को सदर अस्पताल में भर्ती कराकर चली गई. पुलिस न तो महिला की पहचान बताई और नही घटना के बारे में विशेष जानकारी दी.

जानकारी के अनुसार, महिला ट्रेन से गिरकर घायल हुई है, क्योंकि उसे रेलवे लाइन के बगल से उठाया गया था. आशंका जताई जा रही है कि महिला ट्रेन से कही जा रही होगी और उस जगह उतरने के दौरान गिरकर घायल हो गयी होगी. काफी देर तक वह घटनास्थल पर ही घायल अवस्था में पड़ी रही. सिर से अधिक खून निकलने के कारण वह अचेत हो गयी थी. महिला के पास से पांच किलोग्राम चावल और एक कटोरा भी बरामद हुआ है.

इधर, सदर अस्पताल में महिला की मौत के बाद घटना की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गयी है. सूचना पर नगर थाना की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है. प्रभारी थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. शव की पहचान के लिए 72 घंटे तक पुलिस अभिरक्षा में भी रखा जाएगा. सदर अस्पताल प्रबंधक प्रफुल्ल कांत निराला ने बताया कि मृतका की मासूम बेटी सदर अस्पताल में ही इलाजरत है. मामले में जानकारी जुटाई जा रही है.

close