धमतरी: शादी में नाचने के दौरान मामूली विवाद, चाकूबाजी में युवक की हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी :  जिले के थाना मगरलोड अंतर्गत ग्राम भोथीडीह में आयोजित एक शादी के कार्यक्रम के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ परघनी (बारात स्वागत) के दौरान नाचने को लेकर हुए मामूली विवाद में चाकूबाजी हो गई, जिसमें एक युवक की जान चली गई और चार अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात भर की मशक्कत के बाद 05 बालिग और 02 नाबालिगों सहित कुल 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

​घटना शनिवार रात लगभग 8:00 बजे की है, जब गरियाबंद के मालगांव निवासी टेटकूराम निषाद अपनी पुत्री के शादी के कार्यक्रम में शामिल होने सपरिवार भोथीडीह आए थे.बाजार चौक के पास नाच-गाने के दौरान वधू पक्ष के चंदन निषाद और बाजा बजाने वाले युवकों के बीच धक्का लगने को लेकर बहस शुरू हुई.

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए चंदन निषाद और तरुण ध्रुव पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर चोट लगने के कारण चंदन निषाद की मृत्यु हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए अन्य लोग भी घायल हुए हैं.

दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल

​प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 33/26 दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई. गिरफ्तार आरोपियों में तोषण चक्रधारी (18), अभिषेक पटेल (20), हिनेश उर्फ हिलेश्वर (18), ताम्रज कंवर (18) और गुलाब दीवान (20) शामिल हैं, जो सभी ग्राम भोथीडीह के ही निवासी हैं.इनके साथ ही दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है.

रिमांड पर भेजा गया जेल

​पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी नशे में नहीं थे और न ही उनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है.मामूली बात पर उपजे आक्रोश ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 191(2) (बलवा) सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

close