कॉफी विद करण 9 में अकेले नजर आएंगे सलमान खान, पहली बार होगा ऐसा

करण जौहर का लोकप्रिय चैट शो ‘कॉफी विद करण’ अपने नौवें सीजन के साथ वापसी करने जा रहा है। शो के नए सीजन को लेकर मेहमानों की लिस्ट और फॉर्मेट में बदलाव की चर्चाएं तेज हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस सीजन के पहले एपिसोड में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान बतौर मेहमान नजर आ सकते हैं। खास बात यह है कि सलमान इस बार शो में अकेले पहुंचेंगे।
पहले भी शो का हिस्सा रह चुके हैं सलमान
सलमान खान इससे पहले भी ‘कॉफी विद करण’ में नजर आ चुके हैं। शो के शुरुआती तीन सीजन में उन्होंने हिस्सा नहीं लिया था। इसके बाद सीजन 4 के पहले एपिसोड में सलमान अपने पिता और लेखक सलीम खान के साथ पहुंचे थे।
सीजन 5 में सलमान खान शो के 100वें एपिसोड का हिस्सा बने थे। इस दौरान वह अपने भाइयों अरबाज खान और सोहेल खान के साथ करण जौहर के सवालों का जवाब देते दिखाई दिए थे।
सीजन 9 के पहले एपिसोड में होंगे मेहमान
रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान ने करण जौहर को शो के प्रीमियर एपिसोड में शामिल होने की पुष्टि कर दी है। हालांकि, एपिसोड से जुड़ी अन्य जानकारियां अभी सामने नहीं आई हैं। इस बार सलमान के अकेले आने की बात इसे और खास बना रही है।
दिवाली सीजन में होगा शो का प्रीमियर
‘कॉफी विद करण 9’ के दिवाली सीजन के दौरान शुरू होने की उम्मीद है। शो इस बार जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा। नए सीजन में दर्शकों को फॉर्मेट और सेगमेंट्स में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार शो में सिर्फ बॉलीवुड कलाकार ही नहीं, बल्कि साउथ सिनेमा के सितारे, ओटीटी कलाकार और डिजिटल क्रिएटर्स भी मेहमान बन सकते हैं।
‘मॉन्स्टर’ की शूटिंग में व्यस्त हैं सलमान
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान फिलहाल निर्देशक वामशी पैडिपल्ली की फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म का नाम ‘मॉन्स्टर’ बताया जा रहा है, हालांकि निर्माताओं ने अभी इसके शीर्षक की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। फिल्म का निर्माण दिल राजू कर रहे हैं। इस फिल्म में सलमान खान पहली बार नयनतारा के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।











