छुट्टी पर गांव आए आरक्षक ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या : अर्जुनी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू

धमतरी, 24 अगस्त 2025/
धमतरी जिले के कानि डबरी गांव में छुट्टी पर घर आए एक आरक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रूप नारायण नागवंशी के रूप में हुई है, जो बीजापुर जिले के आमापल्ली में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे।
जानकारी के मुताबिक, रूप नारायण कुछ दिनों की छुट्टी लेकर अपने गांव कानि डबरी आए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने घर में अज्ञात कारणों से फांसी लगा ली। परिजनों ने उन्हें फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।











