आंध्र प्रदेश में 11वीं की छात्रा ने की आत्महत्या… स्कूल के बाथरूम में फिनाइल पीकर दी जान

Andhra Pradesh Student Suicide: आंध्र प्रदेश से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा ने स्कूल में फिनाइल पीकर अपनी जान दे दी. ये घटना प्रदेश के नंदीयाल जिले के कोथापल्ली मंडल के कस्तूरबा गांधी गर्ल्स स्कूल की है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस स्कूल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. छात्रा के पास से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे बरामद कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, कोथापल्ली मंडल के एम लिंगपुरम निवासी तलारी राजू और जयलक्ष्मी की मृतक बेटी कस्तूरबा गांधी गर्ल्स स्कूल में पढ़ती थी. मृतक छात्रा तलारी राजू और जयलक्ष्मी की बड़ी बेटी थी. 16 वर्षीय छात्रा बुधवार को स्कूल के बाथरूम में फिनाइल पी लिया. मृतका को उसके क्लासमेट्स ने बाथरूम में बेहोश पड़े देखा, जिसके बाद स्कूल स्टाफ को सूचना दी गई.
परिजनों ने लगाया क्या आरोप?
छात्रा को पहले कोथापल्ली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और वहां से आत्मकुर सरकारी सामाजिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसको डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. छात्राओं द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुछ लड़कियां स्कूल में एक-दूसरे को ‘बहन जैसी’ कहकर पुकारती हैं. परिजनों का आरोप है कि स्कूल में एक-दूसरे को पसंद करने वाली छात्राओं ने आपस में बात न करने के नियम बना रखे हैं.
इससे छात्राओं के बीच में कलह और झगड़े होते हैं. परिजनों के अनुसार, छात्रा आत्महत्या करने वालों में नहीं थी. मृतका के परिजनों ने पुलिस से मामले की जांच करते हुए ये पता लगाने की मांग की है कि स्कूल में बुधवार को वास्तव में क्या हुआ था. बताया जा रहा है कि इस स्कूल में पहले भी कई छात्रों ने फिनाइल पीकर जान देने की कोशिश की है. इस बारे में स्कूल प्रबंधन को बताया गया था.
जांच के बाद ही साफ हो सकेगी आत्महत्या की वजह
वहीं मृतका के पास से पुलिस को जो सुसाइड नोट मिला है, उस बारे में छात्रा के परिजनों का कहना है कि वो उसने नहीं लिखा है.इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है. जांच के बाद ही ये पता चल सकेगा कि आखिर छात्रा ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया? फिलहाल छात्रा की मौत के बाद उसका पूरा परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है.
ये भी पढ़ें: आधी रात को गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया मुरादाबाद एनकाउंटर में 13 मामलों का आरोपी इकरार गिरफ्तार











