IPO से 200% चढ़ा चुका है भाव, एक्सपर्ट्स देख रहे हैं और 43% की तेजी, BUY टैग

बीते कुछ सालों में जिन कंपनियों के आईपीओ ने अच्छा प्रदर्शन किया है उसमें सिग्नेचर ग्लोबल (Signature Global) एक है। कंपनी का आईपीओ 2023 में आया था। तब से अबतक इस स्टॉक ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है। अब पोजीशनल निवेशकों को लिए एक और अच्छी खबर आई है। कंपनी के शेयरों में तेजी की उम्मीद एक्सपर्ट्स जता रहे हैं।
क्या सेट किया है टारगेट प्राइस
बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के अनुसार ब्रोकरेज हाउस एक्सिस कैपिटल ने Signature Global के लिए 1780 रुपये का टारगेट प्राइस सेट किया है। ब्रोकरेज हाउस ने इस मल्टीबैगर रिटर्न देने वाले आईपीओ के लिए BUY टैग दिया है। जोकि 43 प्रतिशत की तेजी की उम्मीद है।
सितंबर 2023 में आया था आईपीओ
सिग्नेचर ग्लोबल आईपीओ सितंबर 2023 में आया था। कंपनी ने आईपीओ के जरिए तब 730 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस आईपीओ के लिए कंपनी ने 385 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड निर्धारित किया था। शुक्रवार को कंपनी के शेयरों का भाव 1255.70 रुपये था। तब से अबतक कंपनी के शेयरों की कीमतों में 200 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिल चुकी है। इस कंपनी का मार्केट कैप 17643.93 करोड़ रुपये का है। सिग्नेचर ग्लोबल का 52 वीक हाई 1645.85 रुपये और 52 वीक लो लेवल 1010.95 रुपये है।
बीता एक साल निवेशकों के लिए रहा है कठिन
भले ही आईपीओ के इश्यू प्राइस से अबतक यह स्टॉक मोटा रिटर्न देने में सफल रहा है। लेकिन इसके बाद भी एक साल में कंपनी के शेयरों का भाव करीब 17 प्रतिशत नीचे आया है। अच्छी बात यह है कि 3 महीने में सिग्नेचर ग्लोबल के शेयरों का भाव 15.45 प्रतिशत चढ़ा है।
सिग्नेचर ग्लोबल रियल एस्टेट सेक्टर की एक दिग्गज कंपनी है। मौजूदा समय में यह 5वीं सबसे बड़ी लिस्टेड रियल एस्टेट कंपनी है।
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ सलाह लें। यहां प्रस्तुत एक्सपर्ट्स के विचार निजी हैं। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)











