रामभद्राचार्य और धीरेंद्र शास्त्री पर भड़के चरणदास महंत, बोले — “ऐसे बाबा लोगों को बना रहे बेवकूफ”

छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सोमवार को मनेन्द्रगढ़ दौरे के दौरान ऐसा बयान दिया, जिसने प्रदेश की राजनीति और धार्मिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। मीडिया से बातचीत करते हुए महंत ने रामभद्राचार्य और धीरेंद्र शास्त्री को लेकर तीखी टिप्पणी की और धार्मिक मंचों के राजनीतिक उपयोग पर सवाल उठाए।
चिरमिरी में चल रही कथा पर कही बड़ी बात
इन दिनों चिरमिरी में रामभद्राचार्य की कथा आयोजित की जा रही है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच मनेन्द्रगढ़ पहुंचे चरणदास महंत से पत्रकारों ने कथा में शामिल होने को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने साफ कहा कि वे कथा में नहीं जाएंगे।महंत ने कहा,
“मैं रामभद्राचार्य को जगतगुरु नहीं मानता। जिस तरह वे भाजपा का प्रचार कर रहे हैं, उससे साफ है कि वे सिर्फ भाजपा के प्रचारक बनकर रह गए हैं।”
“धर्म के नाम पर राजनीति ठीक नहीं”
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ कथावाचक और बाबा धार्मिक मंचों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म को राजनीति से जोड़ना सही नहीं है।
महंत ने कहा,“हम तो कण-कण में भगवान मानने वाले लोग हैं। हमारे लिए हर जगह भगवान हैं। धर्म को राजनीति से जोड़ना ठीक नहीं है।”
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी दी नसीहत
अपने बयान के दौरान चरणदास महंत ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी ऐसी कथाओं और आयोजनों से दूरी बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा अलग है और पार्टी धर्म के राजनीतिक इस्तेमाल के खिलाफ है।
महंत बोले,“ऐसे बाबा लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। कांग्रेस के किसी भी कार्यकर्ता या नेता को ऐसी जगह नहीं जाना चाहिए।”
धीरेंद्र शास्त्री पर भी साधा निशाना
इस दौरान महंत ने धीरेंद्र शास्त्री का नाम लेते हुए भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “धीरेन्द्र शास्त्री सहित अन्य सभी बाबा फर्जी हैं।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और धार्मिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं तेज होने की संभावना जताई जा रही है।











