झीरम कांड की 13वीं बरसी: दीपक बैज ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले- जांच दबा रही सरकार

सूरजपुर। झीरम घाटी हमले की 13वीं बरसी पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नहीं चाहती कि झीरम हमले की निष्पक्ष जांच हो। बैज ने कहा कि अब जब बड़े नक्सली नेता आत्मसमर्पण कर चुके हैं, तो सरकार को उनसे खुली पूछताछ करनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

“लाइव टेलीकास्ट कर पूछताछ करे सरकार”

दीपक बैज ने कहा कि सरकार अगर चाहे तो आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से लाइव टेलीकास्ट के जरिए पूछताछ कर सकती है। इससे यह साफ हो जाएगा कि झीरम हमले के पीछे कौन लोग थे और किनकी भूमिका रही।उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ भाजपा नेता इस घटना में शामिल लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए जांच को प्रभावित किया जा रहा है।

“आज भी न्याय का इंतजार कर रहे पीड़ित परिवार”

बैज ने कहा कि झीरम हमले में जान गंवाने वाले नेताओं और जवानों के परिवार आज भी न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। कांग्रेस परिवार भी लगातार इस मामले में सच्चाई सामने आने की मांग कर रहा है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एनआईए ने जांच रिपोर्ट कांग्रेस को उपलब्ध नहीं कराई, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

देश के सबसे बड़े नक्सली हमलों में से एक था झीरम कांड

25 मई 2013 को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की दरभा घाटी स्थित झीरम इलाके में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर नक्सलियों ने बड़ा हमला किया था। कांग्रेस नेताओं का काफिला जैसे ही झीरम घाटी पहुंचा, घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी।इस भीषण हमले में कांग्रेस नेताओं, सुरक्षाबलों और कार्यकर्ताओं समेत कुल 33 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।

500 से ज्यादा नक्सलियों ने दिया था वारदात को अंजाम

जानकारी के मुताबिक इस हमले को अंजाम देने के लिए 500 से ज्यादा नक्सलियों को तैनात किया गया था, जिनमें करीब 300 हार्डकोर नक्सली शामिल थे। ये नक्सली बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और दरभा इलाके से बुलाए गए थे।बताया जाता है कि इतनी बड़ी साजिश की भनक खुफिया एजेंसियों को भी नहीं लग सकी थी। हमले में कई नक्सली भी घायल हुए थे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com