गांधीनगर में CIDSCON 2026 का आयोजन; जुटेंगे देश-विदेश के 950+ स्वास्थ्य विशेषज्ञ

क्लिनिकल इन्फेक्शियस डिजीजेस सोसाइटी (CIDS) की 16वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस ‘CIDSCON 2026’ का आयोजन 20 से 23 अगस्त तक गांधीनगर के महात्मा मंदिर स्थित कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर में होने जा रहा है।
संक्रामक रोगों के निदान, निवारण और उपचार में नए बदलावों पर केंद्रित इस चार दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन गुजरात के स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री प्रफुल पानशेरिया करेंगे।
इस अवसर पर वह एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) और एंटीमाइक्रोबियल स्ट्यूअर्डशिप पर प्रमुख विशेषज्ञों द्वारा लिखित पुस्तक का अनावरण भी करेंगे।
इस महाकुंभ में भारत के साथ-साथ अमेरिका और सिंगापुर जैसे देशों के शीर्ष चिकित्सक, शोधकर्ता, माइक्रोबायोलॉजिस्ट और स्वास्थ्य क्षेत्र के 950 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों पर विशेष जोर
20 अगस्त को सम्मेलन की शुरुआत संक्रामक रोगों के मेडिकल प्रैक्टिस से जुड़ी विशेष वर्कशॉप्स के साथ होगी। इस बार सम्मेलन का मुख्य आकर्षण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उभरती टेक्नोलॉजीज हैं।
AI पर आधारित वर्कशॉप में लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स से परे इसके व्यावहारिक उपयोग, मानवीय चिकित्सा निर्णय प्रक्रिया में AI की भूमिका और प्रोजेक्ट-आधारित केस स्टडीज पर चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा नेक्स्ट जनरेशन सीक्वेंसिंग (NGS) और फेज थैरेपी जैसी आधुनिक तकनीकों पर भी विशेष सत्र आयोजित होंगे।
गुजरात के AMR मॉडल पर मंथन
22 अगस्त को एक विशेष सत्र में गुजरात में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) को नियंत्रित करने की रणनीतियों पर ध्यान दिया जाएगा। इसमें गुजरात स्टेट एएमआर सर्वेलांस नेटवर्क (GUJSAR-N), एंटीमाइक्रोबियल स्ट्यूअर्डशिप मॉनिटरिंग और एएमआर डैशबोर्ड के जरिए लैब डेटा-आधारित रोग निगरानी की पहलों को साझा किया जाएगा।
महत्वपूर्ण विषय और समापन
सम्मेलन के दौरान क्षय रोग (TB), एचआईवी (HIV), उष्णकटिबंधीय संक्रमण, वायरोलॉजी, फंगल इंफेक्शन और कमजोर इम्युनिटी वाले मरीजों के उपचार से जुड़े विषयों पर गंभीर चर्चा होगी।
युवाओं और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए पोस्टर राउंड, अवार्ड प्रेजेंटेशन और केस-बेस्ड सेशन भी रखे गए हैं। 23 अगस्त को वैलेडिक्टरी सेशन और लंच के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
यह आयोजन सीआईडीएस अध्यक्ष सुब्रमणियन स्वामीनाथन, आयोजक समिति के अध्यक्ष डॉ. अतुल के. पटेल, सह-अध्यक्ष डॉ. हर्ष तोशनीवाल और आयोजक सचिव डॉ. सुरभि मदन के कुशल नेतृत्व में संपन्न हो रहा है।











