शराब दुकान के बाहर युवक से मारपीट, इलाज के दौरान मौत: नर्सरी में ले जाकर पीटने का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग जिले के पाटन में शराब दुकान के बाहर मारपीट के बाद 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम फुंडा निवासी रुपेश वर्मा के रूप में हुई है। वह पाटन की शराब दुकान के अहाते में काम करता था। घटना बुधवार की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, रुपेश शराब दुकान के अहाते में काम कर रहा था। इसी दौरान एक युवक अपने पिता के साथ शराब दुकान पहुंचा। किसी बात को लेकर रुपेश और युवक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवक रुपेश को शराब दुकान के पास स्थित नर्सरी की तरफ ले गया, जहां करीब आधे घंटे तक उसके साथ मारपीट की गई।

सिर और सीने समेत कई जगह गंभीर चोटें

मारपीट में रुपेश के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल रुपेश को पाटन अस्पताल ले गई। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर लेकर चले गए।

कुछ समय बाद रुपेश की तबीयत दोबारा बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

संदिग्ध युवक से पूछताछ, पुलिस कर रही जांच

पुलिस के मुताबिक, घटना में ग्राम चीचा निवासी एक युवक के शामिल होने का संदेह है। स्थानीय लोगों ने उसके नशे का आदी होने की बात कही है। घटना के समय उसके नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

112 की टीम संदिग्ध युवक को पाटन थाने लेकर पहुंची। पुलिस मारपीट की वजह, घटना में अन्य लोगों की भूमिका और युवक की मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com