सिसकोल प्लांट में क्रेन से गिरी लोहे की प्लेट, मजदूर की मौत

भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिसकोल प्लांट में क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान धमधा निवासी 40 वर्षीय राजेश निर्लमलकर के रूप में हुई है। राजेश भिलाई आकर प्लांट में काम करता था।

जानकारी के मुताबिक, राजेश प्लांट में क्रेन ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा था। इसी दौरान क्रेन से लोहे की प्लेट उठाकर ले जाई जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से प्लेट क्रेन से फिसलकर नीचे गिर गई और राजेश उसके नीचे दब गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।

7 महीने में दूसरी बार हुआ ऐसा हादसा

सिसकोल प्लांट में इस तरह का हादसा पहले भी हो चुका है। करीब सात महीने पहले क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने के कारण 35 वर्षीय मजदूर लेखूराम कौशल की मौत हुई थी। वह भी क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। उस समय भी काम के दौरान प्लेट क्रेन से फिसलकर उसके ऊपर गिर गई थी।

लगातार इस तरह के हादसे होने से प्लांट में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। क्रेन, लोहे की प्लेट और अन्य भारी उपकरणों के संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लोहे की प्लेट क्रेन से किस वजह से गिरी। जांच में तकनीकी खामी, सुरक्षा व्यवस्था और काम के दौरान बरती गई सावधानियों समेत अन्य पहलुओं को देखा जाएगा। हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com