मरवाही में दिनदहाड़े हाई-प्रोफाइल चोरी! क्लर्क के घर से कैश–ज्वेलरी उड़ाकर फरार बदमाश

गौरेला पेंड्रा मरवाही : जिले के मरवाही में उस समय हड़कंप मच गया जब ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय में पदस्थ क्लर्क जीवन यादव के आवास में दिनदहाड़े चोरों ने धावा बोल दिया.चोर घर में पीछे के रास्ते से घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात समेत करीब 25 लाख रुपए का सामान पार कर दिया.
जानकारी के अनुसार, जीवन यादव का आवास एसडीएम ऑफिस के ठीक बगल में स्थित है। वारदात के दौरान घर मे कोई नही था जिससे चोरों ने घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाया और पीछे के रास्ते कमरे में घुसकर पहले अलमारी का ताला तोड़ा.इसमें रखे करीब 3 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान 25 लाख रुपए से अधिक हुआ है.
सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस, साइबर सेल और डॉग स्क्वॉड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.पुलिस ने घर के अंदर-बाहर का बारीकी से निरीक्षण किया तथा फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए. साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की गतिविधियों का कोई सुराग मिल सके.
पुलिस का मानना है कि यह चोरी पूरी योजना के साथ की गई है और चोरों को यह पहले से पता था कि घर में कोई नहीं है.फिलहाल मामले की तफ्तीश तेज कर दी गई है.पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.









