रायपुर में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, तस्कर राकेश वर्मा की डेढ़ करोड़ की संपत्ति जब्त

रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गांजा तस्कर राकेश वर्मा की करीब 1.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई सफेमा कानून के तहत की गई है और इसे नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, खरोरा थाना क्षेत्र में नारकोटिक एक्ट के तहत दर्ज एक मामले की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ था कि गांजा तस्करी से जुड़ी अवैध कमाई को जमीन में निवेश किया गया है। 20 मई 2025 को दर्ज प्रकरण में पुलिस ने पहले मोहन सिंह कोशले उर्फ राकेश को गिरफ्तार किया था, जिसके कब्जे से लगभग 28 किलो गांजा बरामद हुआ था। पूछताछ में सामने आया कि यह गांजा राकेश वर्मा का था, जो लंबे समय से गांजा तस्करी और बिक्री के अवैध धंधे में शामिल है।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आरोपी राकेश वर्मा और उसके परिजनों के नाम पर दर्ज कई संपत्तियां नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई थीं। इसके बाद खरोरा थाना प्रभारी द्वारा विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर सफेमा कोर्ट मुंबई भेजा गया। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खपरीडीहखुर्द क्षेत्र में स्थित 13 प्लॉट जब्त किए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल आरोपी को सजा दिलाना नहीं, बल्कि नशे के कारोबार से बने उसके पूरे आर्थिक ढांचे को तोड़ना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपी राकेश वर्मा की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
रायपुर पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।









