‘जनता को पानी नहीं दे सकते तो मेरे दफ्तर का कनेक्शन भी काट दो’, विधायक नौक्षम चौधरी ने अफसरों को फोन पर लताड़ा

भरतपुर: राजस्थान की भजनलाल सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में गांव-गांव घूम रहे ‘विकास रथ’ के दौरान कामा विधायक नौक्षम चौधरी का बेहद आक्रामक रूप देखने को मिला. जनता के बीच अपनी योजनाओं का बखान करने पहुंचीं विधायक को जब पानी की किल्लत की हकीकत पता चली, तो उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों के पसीने छुड़ा दिए.
महिलाएं बोलीं- ‘6 दिन से नहीं आया पानी’
विकास रथ जब अपने अंतिम पड़ाव कामा पहुंचा, तो विधायक नौक्षम चौधरी जनता से रूबरू हुईं. वहां मौजूद महिलाओं ने शिकायत की कि कस्बे के कई वार्डों में पिछले 6 दिनों से पानी की एक बूंद नहीं आई है. जनता की परेशानी सुन विधायक ने तुरंत जल विभाग के अधिकारी को फोन मिलाया और कड़े लहजे में कहा, ‘यहां हर वार्ड की महिलाएं बैठी हैं. इनका कहना है कि 6-6 दिन तक पानी नहीं आता. आप इस समस्या का तुरंत निस्तारण करें. अगर आपको लगता है कि जनता प्यासी रह सकती है, तो मेरे दफ्तर का भी पानी बंद कर दो.’
अधिकारियों को निर्देश- ‘कल हर वार्ड में जाकर जांच करो’
विधायक ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कल ही वे हर वार्ड का दौरा करें और जमीनी हकीकत का पता लगाकर पानी की समस्या को सुलझाएं. उन्होंने साफ किया कि विकास के दावों के बीच जनता को पानी के लिए तरसाना सरकार की मंशा के खिलाफ है.









