इटवा: दो सर्राफा दुकानों में बड़ी चोरी, ग्रिल और कुंडा तोड़कर लाखों के जेवरात पार

सिद्धार्थनगर: इटवा थाना क्षेत्र के मैना परसा चौराहे पर शुक्रवार की रात बेखौफ चोरों ने जमकर तांडव मचाया. बेखौफ चोरों ने दो आभूषण की दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. इसी दौरान चोरों ने पास की एक किराना दुकान में भी सेंधमारी की कोशिश की, लेकिन वहां वे सफल नहीं हो सके.
मिली जानकारी के अनुसार, मैना परसा चौराहे पर स्थित बलराम सोनी और विजय सोनी की सर्राफा दुकानों में इस वारदात को अंजाम दिया गया. चोरों ने बड़ी चालाकी से दुकानों में प्रवेश किया.
विजय सोनी की दुकान: चोरों ने दुकान के पीछे लगी लोहे की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया.
बलराम सोनी की दुकान: यहाँ चोरों ने दुकान का कुंडा तोड़कर भीतर घुसकर चोरी की.
लाखों का नुकसान-
पीड़ित दुकानदारों के अनुसार, बलराम सोनी की दुकान से करीब 1.5 से 2 लाख रुपए का सामान गायब है, वहीं विजय सोनी की दुकान से लगभग 1 लाख रुपए के जेवरात चोरी हुए हैं. सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो बिखरा हुआ सामान और टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और इटवा एसएचओ रविंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. इस वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है.
एसएचओ इटवा रविन्द्र सिंह ने कहा कि “पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”









