डिजिटल कवच से आसान होगी कैंसर मरीजों की देखभाल, मोबाइल ऐप से घर बैठे मिलेगी सपोर्टिव केयर

कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी पहल सामने आई है। अब मरीजों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक डिजिटल मॉडल के जरिए मरीज घर बैठे अपनी सेहत की निगरानी कर सकेंगे और समय पर विशेषज्ञ सलाह भी प्राप्त कर पाएंगे।
फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित मरीजों के लिए तैयार किए गए इस ऐप-आधारित सपोर्टिव केयर मॉडल में दवाओं की समय पर जानकारी, उपचार के दुष्प्रभावों की निगरानी और भावनात्मक सहयोग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से डॉक्टर और मरीज के बीच संवाद बेहतर होगा, जिससे उपचार की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की तकनीक से मरीजों को व्यक्तिगत जरूरतों के अनुसार देखभाल मिल सकेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए शोधों में भी ऐप आधारित केयर मॉडल को प्रभावी पाया गया है, जिसे भारत में अपनाने की दिशा में यह एक अहम कदम माना जा रहा है।
इस डिजिटल पहल को राष्ट्रीय स्तर पर विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किया गया, जहां देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों ने इस नवाचार की सराहना की। आधुनिक तकनीक और व्यक्तिगत उपचार पद्धति के मेल से कैंसर मरीजों के इलाज और देखभाल को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित हो सकती है।









