ऑपरेशन सिंदूर से लेकर खेल तक… पीएम मोदी ने 2025 में भारत की उपलब्धियों का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 129वें एपिसोड में 2025 को भारत के लिए गर्व भरा साल बताया और देश की उपलब्धियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह साल मील के पत्थरों से भरा रहा, जिसमें देश ने सुरक्षा, खेल, विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण छाप छोड़ी।

पीएम मोदी ने विशेष रूप से बताया कि शुभांशु शुक्ला पहले भारतीय बने, जिन्होंने International Space Station तक की यात्रा की। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया और दुनिया ने देखा कि भारत अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करता।

संस्कृति और विरासत की भी तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ और अयोध्या में राम मंदिर पर ध्वजारोहण ने देशवासियों को गर्व महसूस कराया। उन्होंने युवाओं के जुनून और जागरूकता की भी सराहना की।

Smart India Hackathon 2025 में 80 से अधिक सरकारी विभागों की 270 से ज्यादा समस्याओं पर छात्रों ने काम किया और वास्तविक जीवन की चुनौतियों से जुड़े समाधान प्रस्तुत किए। Geetanjali IISc को भी सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां छात्र और प्रोफेसर साथ बैठकर संगीत और शास्त्रीय विधाओं का अभ्यास करते हैं।

खेल के क्षेत्र में भी 2025 यादगार रहा। पुरुष क्रिकेट टीम ने ICC Champions Trophy जीती, महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप में इतिहास रचा, बेटियों ने Women’s Blind T20 World Cup जीतकर गौरव बढ़ाया, Asia Cup T20 में तिरंगा लहराया और पैरा एथलीटों ने विश्व चैंपियनशिप में कई पदक जीते।

भाषा और शिक्षा के क्षेत्र में भी पीएम मोदी ने उदाहरण दिए। दुबई में रहने वाले कन्नड़ा परिवारों के प्रयास से ‘कन्नड़ा पाठशाला’ शुरू हुई, जहां बच्चों को अपनी मातृभाषा पढ़ने, सीखने और बोलने का मौका मिलता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 2026 की चुनौतियों और संभावनाओं पर भी चर्चा की और देशवासियों से एकजुट होकर विकास की राह पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com