रीवा में सरेराह गोलियां! बियर बार कर्मचारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, ICU में जिंदगी-मौत की जंग

रीवा : शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात सरेराह फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई. बियर बार में एक युवक ने बार कर्मचारी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं.कर्मचारी को दो गोलियां लगी हैं, जिसे गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल (SGMH) में भर्ती कराया गया है.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और हथियार बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात रात करीब 12 बजे की है.जमुना सिंह बघेल, जो बीयर बार में कर्मचारी हैं, अपने काम पर तैनात थे.इसी दौरान किसी बात को लेकर आरोपी से विवाद हुआ.विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने अपनी पिस्टल निकाली और जमुना सिंह पर एक के बाद एक तीन राउंड फायर कर दिए.दो गोलियां जमुना सिंह के शरीर के महत्वपूर्ण हिस्सों में लगीं, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े.गोलियों की आवाज सुनकर बार में मौजूद अन्य लोग और कर्मचारी सहम गए.
घायल जमुना सिंह की पत्नी पूजा सिंह संजय गांधी अस्पताल में ही सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में भी शोक और तनाव का माहौल देखा गया.परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक खून बह जाने के कारण घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें सघन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया है.
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची.पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौके से खाली कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि वह बार के अंदर अवैध हथियार लेकर कैसे दाखिल हुआ.









