शहर की लड़की कहकर ठुकराया; नाराज युवती ने प्रेमी की दुकान में उठाया खौफनाक कदम

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रेम संबंधों से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से इनकार किए जाने से आहत एक युवती ने अपने प्रेमी की दुकान पर जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया.
युवती की हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
यह पूरा मामला बरेली जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती और इज्जतनगर थाना क्षेत्र के बिहार कला गांव निवासी आसिफ से जुड़ा है. दोनों के बीच बीते करीब दो साल से प्रेम संबंध थे. इस दौरान दोनों लगातार संपर्क में रहे और बात शादी तक पहुंची. युवती और युवक के परिवारों की सहमति से शादी भी तय हो गई थी, जिससे युवती को लगा कि अब उसका भविष्य सुरक्षित है.
हालांकि, शादी तय होने के कुछ समय बाद हालात बदल गए. युवती का आरोप है कि आसिफ और उसके परिजनों ने अचानक शादी से इनकार कर दिया. जब उसने इसकी वजह पूछी तो ठोस जवाब नहीं मिला. वह लगातार टहलाने वाली बातें बताते रहे. युवती के मुताबिक, युवक और उसके परिजनों के इस रवैये से वह मानसिक रूप से टूट गई और तनाव में रहने लगी.
शनिवार शाम युवती कुतुबखाना बाजार स्थित आसिफ की कॉस्मेटिक शॉप पर पहुंची. वहां उसने आसिफ से साफ शब्दों में कहा कि वह आखिरी बार उससे पूछ रही है कि क्या वह उससे शादी करेगा. युवती के मुताबिक, आसिफ ने एक बार फिर शादी से इनकार कर दिया और कहा कि वह सिर्फ बात कर सकता है, शादी नहीं.
दुकान पर हुई बातचीत के दौरान युवती ने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया. कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. दुकान और बाजार में मौजूद लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
जिला अस्पताल में भर्ती युवती ने बताया कि दोनों का दो साल से रिलेशनशिप था और शादी भी तय हो चुकी थी. बाद में आसिफ के घरवालों ने यह कहकर शादी से मना कर दिया कि लड़की मोटी है, नौकरी करती है और शहर की रहने वाली है. युवती का आरोप है कि इसके साथ ही आसिफ के परिजन दहेज की मांग करने लगे और कार की मांग भी रखी गई. धीरे-धीरे आसिफ ने भी शादी से साफ इनकार कर दिया.
युवती ने यह भी कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में उसकी सामाजिक इज्जत को ठेस पहुंची. पीड़िता के मुताबिक, शारीरिक और मानसिक रूप से बिखर चुकी है. यही वजह है कि उसने मानसिक दबाव में आकर जहर खाकर जान देने की कोशिश की. फिलहाल युवती का इलाज चल रहा है. मामले को लेकर पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.









