औरंगाबाद में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर की चपेट में आकर बुजुर्ग की मौके पर मौत

औरंगाबाद: ट्रैक्टर की टक्कर से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई. घटना ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेल गांव की है. मृतक की पहचान उस गांव निवासी स्व. मुंशी राम के पुत्र विशुनदेव राम के रूप में की गई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार विशुनदेव राम गांव से बाहर शौच के लिए गए हुए थे.
इसी दौरान धान झरनी लगा हुआ एक ट्रैक्टर पीछे की ओर बैक कर रहा था. ट्रैक्टर चालक को पीछे मौजूद बुजुर्ग दिखाई नहीं दिया और लापरवाही के दौरान ट्रैक्टर सीधे विशुनदेव राम के ऊपर चढ़ गया. ट्रैक्टर से कुचलने के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी जिसके आलोक में पहुंचे थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
वहीं घटनास्थल से ट्रैक्टर एवं उसमें लगा धान झरनी को जब्त कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है.मृतक के पुत्र कारु राम ने बताया कि शनिवार की शाम उसके पिता शौच के लिए बधार की ओर गए थे. आधे घंटे के बाद उनके मौत की सूचना मिली.
मृतक विशुनदेव राम अपने परिवार के मुखिया थे. उनके परिवार में एक पुत्र कारु राम एवं दो पुत्रियां पनवा देवी और मुटरी देवी हैं. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.परिजन गहरे सदमे में हैं और बार-बार बेसध हो जा रहे हैं. थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर से दबने के कारण बुजुर्ग की मौत हुई है.
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा ट्रैक्टर और धान झरनी को जब्त कर लिया गया है. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.









