इटावा में वाहन चोरों का खेल खत्म! सैफई पुलिस ने 11 शातिर दबोचे, 13 बाइक बरामद

इटावा  :(सैफई) जनपद इटावा में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर सैफई पुलिस ने करारा प्रहार करते हुए अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है.थाना सैफई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 13 चोरी की मोटरसाइकिलें, अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है.इस सफलता से अपराधियों में हड़कंप मच गया है.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी एवं एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.इसी क्रम में थाना सैफई पुलिस मुचेहरा तिराहे पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी.

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि तीन चोरी की मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोग पीजीआई सैफई की ओर से मुचेहरा रोड की तरफ आ रहे हैं.सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सतर्कता बरतते हुए इलाके में घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर में तीन मोटरसाइकिलें आती दिखाई दीं, जिन्हें पुलिस ने रोकने का प्रयास किया.आवश्यक बल प्रयोग के बाद पुलिस ने मौके से छह अभियुक्तों को तीन चोरी की मोटरसाइकिलों सहित गिरफ्तार कर लिया.

तलाशी के दौरान अभियुक्त सोनू यादव के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर व दो जिंदा कारतूस, गुलशन उर्फ गुल्ला के पास से एक अवैध छुरा तथा दीपक यादव के कब्जे से भी एक अवैध छुरा बरामद किया गया.कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे सैफई पीजीआई एवं अन्य जनपदों में रेकी कर मोटरसाइकिल चोरी करते थे.

अभियुक्तों ने यह भी बताया कि पूर्व में चोरी की गई कई मोटरसाइकिलों को सैफई रेलवे स्टेशन के पास बने एक कमरे में छिपाकर रखा गया है, जहां उनके अन्य साथी मोटरसाइकिलों के पुर्जे खोलकर उन्हें अलग-अलग वाहनों में बदल देते थे.अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने वहां छापा मारकर पांच अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया तथा कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें और एक मोटरसाइकिल का इंजन बरामद किया.

इस प्रकार कुल 13 चोरी की मोटरसाइकिलें पुलिस के कब्जे में आई हैं. इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह राठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हेमंत कुमार, राजकुमार सिंह, संजय दुबे सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे.गिरोह का पर्दाफाश करने वाली इस सराहनीय कार्रवाई पर एसएसपी इटावा द्वारा पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.

सैफई पुलिस की इस बड़ी सफलता से क्षेत्र में वाहन चोरों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com