कानून-व्यवस्था को लेकर औरंगाबाद पुलिस सख्त, पॉक्सो सहित अन्य अपराधों में 53 लोग गिरफ्तार

औरंगाबाद: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करते हुए पुलिस ने अपराध के विरुद्ध व्यापक और आक्रामक अभियान चलाया है. बीते 24 घंटों की कार्रवाई में 53 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. ये सभी आरोपी हत्या प्रयास, शराब जैसे अन्य अपराधों से जुड़े हैं.
इस विशेष अभियान का उद्देश्य अपराधियों के पूरे नेटवर्क को तोड़ना, नशा तस्करी पर रोक लगाना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अम्बरीश राहुल के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई जिसमें आवश्यक कार्रवाई के उपरांत 27 अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया. हत्या के शीर्ष में 1, एसटी-एसटी एक्ट में 2, पोक्सो एक्ट में 6 हत्या प्रयास के शीर्ष में 8, शराब कांड में 19 एवं अन्य शीर्ष कांड में 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
इस दौरान 1.90 लीटर देसी शराब, 2 मोबाइल, 1500 नगद रूपये बरामद किया गया है. इसके अलावा 38 वारंट एवं 5 कुर्की का निष्पादन किया गया है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 1348 वाहनों की जांच की गई जिसमें 157500 रूपये जुर्माना वसूला गया है.
पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के अनुसार, अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि कानून से ऊपर कोई नहीं. जन-सुरक्षा, पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई के संकल्प के साथ पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से जिले को सुरक्षित बनाए रखने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है. यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगा ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके.











