बलिया: 8 साल के बच्चे और 70 साल के बुजुर्ग ने मंत्री का जीता दिल, फुल मैराथन में इथोपिया के फिरोनिशा ने मारी बाजी

बलिया: यूपी के बलिया में द्वाबा के मालवीय पूर्व विधायक मैनेजर सिंह की जयंती पर आयोजित 42.195 किमी के फुल मैराथन में अफ्रीकी देश इथोपिया के निवासी फिरोनिशा ने प्रथम स्थान हासिल किया. फिरोनिशा ने कुल 2 घंटे 8 मिनट में दौड़ पूरा किया. इनके बाद पहुंचे मुजफ्फरनगर के अक्षय कुमार द्वितीय व दिल्ली के अमरेश प्रजापति ने तृतीय स्थान हासिल किया. इसके अलावा हाफ मैराथन 21 किमी में वाराणसी के पंकज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
इसमें अयोध्या के प्रिंसराज यादव द्वितीय व आगरा के मनीष सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. दस किमी में प्रिंस राज मिश्र प्रथम वाराणसी के आशीष पाल तथा बलिया राकेश वर्मा ने द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया. वही 5 किलोमीटर में वाराणसी की सोनी प्रथम व वाराणसी की ही लक्ष्मी चौहान द्वितीय तथा रूबी पाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले फिरोनिशा को प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने 2.25 लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान किया. इसमें दूसरे स्थान पर आए अक्षय कुमार को 1.25 लाख व अमरेश प्रजापति को 75 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई.
हाफ मैराथन में प्रथम विजेता को 65 हजार व द्वितीय को 45 हजार व तृतीय को 30 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई. 10 किमी की दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 25 हजार द्वितीय को 15 हजार व तृतीय को 10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई।ल. 5 किमी की दौड़ प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार 11 हजार व द्वितीय को 7 हजार तथा तृतीय को 5 हजार की राशि प्रदान की गई. इसके अलावा सभी श्रेणियों में 50वें स्थान तक आए प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार राशि दी गई. कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8:00 बजे वीर लोरिक स्टेडियम मंत्री द्वय गिरीश चंद्र यादव व दयाशंकर सिंह तथा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया.
मैराथन का समापन बैरिया स्थित बाबू मैनेजर सिंह की प्रतिमा स्थल पर जाकर संपन्न हुआ. हाफ मैराथन हल्दी भरसौंता पेट्रोल पंप के पास संपन्न हुआ. 10 किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता जनाड़ी तक तथा 5 किलोमीटर की कदम चौराहा पर संपन्न हुआ. सभी विजेताओं को पुरस्कार राज बैरिया सुदिष्टपुरी स्थित सुदिष्ट बाबा स्कूल पर प्रदान किया गया. आयोजन के मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि यह पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है. यह प्रदेश का चौथा मैराथन है जो इतनी भव्यता के साथ संपन्न हुआ. आने वाले वर्ष में इस आयोजन को और भी भव्य रूप प्रदान किया जाएगा. कहा कि बलिया का इतिहास काफी गौरवशाली रहा है और यहां के लोग अपनी प्रतिभा के दम पर पूरे विश्व में अमिट छाप बनाए हुए हैं. द्वाबा के मालवीय कहे जाने वाले बाबू मैनेजर सिंह की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगा. कहा कि आज भाजपा सरकार में ही खेल को इतना महत्व दिया जा रहा है. बलिया में खेल से संबंधित जो भी डिमांड होगा उसे प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा.
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मेरे मामा मैनेजर सिंह की जयंती पर आयोजित यह मैराथन पूरे जनपद के सहयोग से सकुशल संपन्न हुआ. यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा. कहा कि युवाओं के लिए जिले में कई स्तर पर विकास के मानचित्र को तैयार किया गया है जो आगे आने वाले दिनों में स्पष्ट दिखाई देगा. प्रदेश सरकार के सहयोग से जिले में विकास के कई कार्यो को कराया जा रहा है और आगे भी जो कार्य आम जनमानस के जनहित में होगा उसे निश्चित तौर पर पूरा किया जाएगा. कार्यक्रम का संचालन अमिताभ उपाध्याय ने किया. मैराथन व अन्य दौड़ प्रतियोगिताओं में पूरे देश भर के अलग-अलग राज्यों से आए करीब एक हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया.
खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि बलिया के हर ब्लाक में स्टेडियम बनाया जाएगा. इसके लिए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को पत्र प्रेषित किया गया है. यही नहीं प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 40 मिनट का खेल प्रतियोगिता अनिवार्य किया गया है. आज प्रदेश में सभी नेशनल पदक विजेताओं को नौकरी दी जा रही है. बलिया का स्पोर्ट्स कालेज भी जल्द तैयार होगा. इसके लिए जो भी बजट लगेगा उसे दिया जाएगा.
मैराथन में सबसे अधिक उम्र के धावक चौरा कथरिया निवासी 70 वर्षीय चंद्र भान सिंह व 21 किमी तक दौड़ा बेलहरी निवासी कक्षा तीन के छात्र कार्तिक राजभर ने मंत्री का दिल जीत लिया. उनके साहस और धैर्य से प्रभावित परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अलग से सम्मानित किया.मंत्री ने दोनों धावकों को 50-50 हजार रुपए का पुरस्कार दिया.

close