औरंगाबाद में दवा व्यवसायी की हत्या के खिलाफ फूटा जनाक्रोश, कैंडल मार्च में गूंजी ‘योगी मॉडल’ की मांग

औरंगाबाद: शहर के नवाडीह मोड़ के समीप 30 जनवरी की रात्रि साढ़े दस बजे बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने दवा व्यवसायी मो. जुनैद की हत्या गोली मारकर कर दी थी. जुनैद की हत्या के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक शूटर सहित इस हत्याकांड में शामिल 4 अभियुक्तों गिरफ्तार कर लिया.
गुरुवार की देर शाम दवा व्यवसायियों एवं स्थानीय लोगों ने शहर में शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला. यह कैंडल मार्च नवाडीह रोड से निकलकर पुरानी जीटी रोड के नवाडीह मोड़ स्थित मृतक के दवा दुकान पहुंची, जहां कैंडल जलाकर लोगों ने उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की.
तत्पश्चात यह मार्च मुख्य बाजार होते हुए रमेश चौक पहुंची. जहां घटना में शामिल अपराधियों पर कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की. इस दौरान मृतक के पिता मो खलील ने औरंगाबाद में भी अपराधियों के हौसलों को पस्त करने के लिए योगी मॉडल की मांग की.
उन्होंने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इसके लिए अनुरोध किया और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी में बुलडोजर चलाकर अपराधियों की अपराधिक कृत को समाप्त कर रहे है. वैसे ही औरंगाबाद में भी दवा व्यवसायी की हत्या में शामिल अपराधियों के घर पर बुलडोजर चलाने की जरूरत है. तभी अपराधियों में दहशत का माहौल बनेगा और वे इस तरह के वारदात को अंजाम देने से पहले सौ बार सोचेंगे.
लोगों ने कहा कि जुनैद बेहद ही सीधा सादा लड़का था उसकी किसी से अदावत नहीं थी. उसकी हत्या के बाद न सिर्फ अल्पसंख्यक समाज दुखी है बल्कि सभी जाति और धर्म के लोग शोक मन रहे है. क्योंकि वह बेहद ही व्यवहार कुशल था.
कैंडल मार्च में शामिल शहरवासियों ने अपराधियों को फांसी की सजा की भी मांग की और कहा कि मृतक की पत्नी पढ़ी लिखी महिला है और जुनैद की हत्या के बाद पूरा परिवार आर्थिक रूप से टूट गया है. ऐसी स्थिति में उसकी पत्नी को एक सरकारी नौकरी प्रदान किया जाय ताकि वह अपने परिवार की परवरिश कर सके.











