कोरबा: SBI के चीफ मैनेजर के घर हुई चोरी मामले में मां-बेटे गिरफ्तार, गिरवी रखे सोने-चांदी के आभूषण बरामद

कोरबा: शुक्रवार की रात मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दादर खुर्द मार्ग स्थित एक सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई थी. जहां चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के जेवरात पार कर दिए थे. यह मकान एसईसीएल कर्मी नवनीत नाथ का है, जिसमें एसबीआई बैंक में चीफ मैनेजर के पद पर पदस्थ राजू मोदी अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं.
राजू मोदी शुक्रवार सुबह अपने परिवार के साथ रायपुर गए हुए थे, जहां जमीन की रजिस्ट्री करानी थी. रात करीब 1 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का ताला टूटा मिला. अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था. बैडरूम की खिड़की का रॉड भी टूटा हुआ मिला, जिससे चोरी की आशंका हुई.
घटना की सूचना तत्काल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. चोर घर से 20 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप समेत अन्य कीमती सामान नहीं ले गए, लेकिन अलमारी तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चोरी कर लिए. इनमें चार सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी और टॉप शामिल हैं.
पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू की. डॉग स्क्वाड के श्वान ‘बाघा’ ने सेंट पकड़ते हुए करीब एक किलोमीटर दूर पोड़ी बहार मैदान तक सुराग दिया, जहां शराब की खाली बोतलें मिलीं. इसके आधार पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले.
जांच के दौरान सामने आया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण आरोपियों द्वारा ‘मधुर फाइनेंस’ में गिरवी रखे गए थे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फाइनेंस संस्था से संपर्क कर विधिवत कार्रवाई करते हुए चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए. बरामद आभूषणों का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 11 लाख 11 हजार रुपये आंका गया है.
पुलिस ने इस मामले में संजय वैष्णव उर्फ गोलू (31 वर्ष), निवासी निहारिका साडा कॉलोनी, क्वार्टर नंबर D-18 और उसकी मां लव कुमारी वैष्णव (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(1), 317(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी संजय वैष्णव उर्फ गोलू के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों के मामले थाना बालकोनगर, सिविल लाइन रामपुर और कोतवाली कोरबा में दर्ज हैं.











