यूपी में पांच दिन पहले पति गया था कमाने मुंबई, अब पत्नी ने फंदे से लटक कर दी जान

श्रावस्ती: यूपी के श्रावस्ती के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के मुलायम पुरवा गांव में सोमवार को एक विवाहिता का शव उसके ससुराल में फंदे से लटकता मिला. घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पहचान रुकसार (20) के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. क्षेत्राधिकारी सतीश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की.

जानकारी के अनुसार, रुकसार की शादी दो वर्ष पूर्व मुलायम पुरवा निवासी 28 वर्षीय नफीस से हुई थी. नफीस मुंबई में मजदूरी करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे. रुकसार की एक साल की बेटी भी है. बताया जा रहा है कि नफीस पांच दिन पहले ही मुंबई के लिए रवाना हुए थे. रुकसार घर में अकेली रहती थी, जबकि उनके ससुर कुछ दूरी पर दूसरे मकान में छोटे बेटे के साथ रहते हैं.

स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर घटना पति-पत्नी के बीच फोन पर हुई कहासुनी से जुड़ी हो सकती है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक आत्महत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.

नफीस के पांचों भाई भी मुंबई में मजदूरी करते हैं. परिवार के पास लगभग छह बीघा खेती की जमीन है. रुकसार का मायका पड़ोसी जनपद बहराइच के पयागपुर थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव में है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com