जेल की दहलीज पर बदमाश की ‘रॉकस्टार’ एंट्री: रीवा केंद्रीय जेल की सुरक्षा में बड़ी सेंध, रील वायरल

रीवा: अति-सुरक्षित मानी जाने वाली केंद्रीय जेल एक बार फिर विवादों के घेरे में है. जेल से जमानत पर छूटे एक शातिर बदमाश ने जेल परिसर के ठीक बाहर अपनी ‘रील’ बनवाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. इस घटना ने प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल के इस्तेमाल और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है.

वायरल वीडियो में बदमाश को जेल के मुख्य द्वार से बाहर निकलते हुए किसी फिल्मी नायक की तरह दिखाया गया है. वीडियो के बैकग्राउंड में ‘हुकुम का बॉस’ गाना बज रहा है और स्क्रीन पर “रिहाई मुबारक हो बॉस” व “रोशन ड्रग्स” जैसे उत्तेजक संदेश लिखे नजर आ रहे हैं. यह वीडियो न केवल कानून को चुनौती दे रहा है, बल्कि अपराध के महिमामंडन का भी प्रतीक बन गया है.

केंद्रीय जेल, जो बिछिया थाना क्षेत्र में स्थित है, वहां कई कुख्यात अपराधी और नशे के सौदागर बंद हैं. ऐसे संवेदनशील इलाके में मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और वीडियो किसने रिकॉर्ड किया क्या जेल के बाहर तैनात प्रहरियों ने इस गतिविधि को रोकने की कोशिश की क्या यह रील जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था में किसी बड़ी मिलीभगत का संकेत है.

वीडियो के संज्ञान में आते ही जेल और पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया अकाउंट होल्डर की तलाश शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर है क्योंकि यह जेल की गरिमा और सुरक्षा नियमों का सीधा उल्लंघन है.

फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वीडियो बनाने वाला व्यक्ति कौन था और क्या जेल के अंदर से भी कोई सहयोग मिला था. इस रील ने शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है कि क्या अब जेल की दीवारें अपराधियों के खौफ को कम करने में नाकाम साबित हो रही हैं.

close