राजस्थान: लेपर्ड ने युवक को बनाया अपना शिकार, शव जंगल की झाड़ियों में मिला

माउंट आबू: माउंट आबू के वन्य क्षेत्र में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. आशंका जताई जा रही है कि युवक को लेपर्ड (तेंदुए) ने अपना शिकार बनाया है. घटना अचलगढ़ क्षेत्र स्थित भृगु आश्रम से करीब 200 मीटर दूर घने जंगल की बताई जा रही है. मौके पर हालात बेहद गंभीर थे.

युवक का शव झाड़ियों के बीच मिला, जबकि शरीर का एक हिस्सा (पैर) कुछ दूरी पर अलग पड़ा मिला. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि लेपर्ड ने युवक पर हमला कर उसे घसीटते हुए जंगल के भीतर ले गया. सूचना मिलते ही थाना अधिकारी दलपत सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. वहीं वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, जिसमें डीएफओ शुभम जैन, रेंजर गजेंद्र सिंह और राजेश बिश्नोई शामिल रहे.

मृतक की पहचान वाला राम के रूप में हुई है, जो उदयपुर जिले के खजुरिया गांव का निवासी बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, युवक बीते कल शाम करीब 6 बजे अचलगढ़ की ओर गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. घटनास्थल के निरीक्षण में युवक के गर्दन पर दांतों के गहरे निशान पाए गए हैं और एक पैर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मिला.

जिससे वन्य जीव के हमले की आशंका और मजबूत हो गई है. फिलहाल पुलिस और वन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं. साथ ही क्षेत्र में अलर्ट जारी कर स्थानीय लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com