औरंगाबाद में संदिग्ध मौत से सनसनी: मॉल के पास मिला युवक का शव

औरंगाबाद: एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के एक मॉल के समीप की है. मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के झिकटीयां गांव निवासी प्रमोद सिंह चंद्रवंशी के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार प्रमोद मंगलवार की शाम घर से निकला था.
देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की. अहले सुबह सूचना मिली कि जिस मॉल में उसकी पत्नी काम करती थी, उसी के आसपास उसका शव पड़ा हुआ है. घटना की सूचना से परिजनों में चीख पुकार मच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
घटना की सूचना पर पहुंचे जिला पार्षद शंकर यादव ने पीड़ित परिजनों को ढाढस बंधाया. उन्होंने कहा कि प्रमोद अत्यंत गरीब है. उसके निधन से दो बेटियां और एक बेटे से पिता का साया उठ गया. परिजनों का कहना है कि प्रमोद की प्राकृतिक मौत नहीं बल्कि हत्या हुई है. बताया कि प्रमोद पहले किसी किराना दुकान में काम करता था, जहां से चोरी के आरोप में बीते दिनों निकाल दिया गया था.
संदर्भ में लिखित बॉन्ड भी बना गया था. लेकिन इधर, उसकी हत्या कर दी गई. थानाध्यक्ष राजेश कुमार के अनुसार प्रमोद के शरीर पर कोई जख्म के निशान नहीं मिले है. प्रथम दृश्यता में प्रमोद की मौत किसी बीमारी के कारण हुई है. शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में परिजनों द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएंगी.









