कार सर्विस के लिए नहीं लगानी होगी लाइन, मारुति लाई क्विकस्टॉप सेंटर, मिलेगी ये सुविधा

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई सर्विस क्विकस्टॉप शुरू की है. इस नई पहल का मकसद लोगों को उनके घर या काम की जगह के पास ही कार सर्विस की सुविधा देना है, ताकि उन्हें अलग से वर्कशॉप जाने की जरूरत न पड़े.
क्विकस्टॉप दरअसल छोटे-छोटे कंटेनर बेस्ड सर्विस सेंटर हैं, जिन्हें खास तरीके से तैयार किया गया है. इन यूनिट्स में गाड़ी की नियमित सर्विसिंग और छोटे-मोटे रिपेयर आसानी से किए जा सकते हैं. कंपनी इन सर्विस सेंटर को ऐसी जगहों पर लगा रही है, जहां गाड़ियों की संख्या ज्यादा होती है, जैसे ऑफिस कैंपस, एयरपोर्ट एरिया और बड़े फ्लीट हब.
इन शहरों में शुरू हुए सेंटर
इस पहल के तहत कंपनी ने शुरुआत में दिल्ली-NCR, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोलकाता, बागडोगरा, कालीकट और सूरत जैसे शहरों में 10 क्विकस्टोप सेंटर शुरू किए हैं. फिलहाल यह एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चलाया जा रहा है, जिसे आगे और शहरों में बढ़ाया जाएगा.
कम लागत में तैयार हो जाते हैं सेटर
इस मॉडल की खास बात यह है कि यह कम लागत में जल्दी तैयार हो जाता है. कंपनी अपने डीलर नेटवर्क और कॉर्पोरेट पार्टनर्स के साथ मिलकर इसे चला रही है, जिससे इसे तेजी से अलग-अलग जगहों पर शुरू किया जा सकता है. पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए क्विकस्टॉप में कई इको-फ्रेंडली उपाय भी अपनाए गए हैं. इसमें बिना पानी के कार वॉश और बैटरी से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे पानी और ऊर्जा की बचत होती है.
क्या है कंपनी का मकसद?
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO हिसाशी टेकुची ने बताया कि आजकल लोगों की जिंदगी बहुत व्यस्त हो गई है और उनके पास समय कम होता है. ऐसे में क्विकस्टॉप सर्विस से लोग अपने ऑफिस या रोजाना जाने वाली जगह पर ही गाड़ी सर्विस करवा सकते हैं. उदाहरण के लिए, ऑफिस जाने वाला व्यक्ति अपनी कार सुबह छोड़ सकता है और शाम को काम खत्म होने के बाद सर्विस होकर वापस ले सकता है. कुल मिलाकर, क्विकस्टॉप सर्विस ग्राहकों के समय की बचत करेगी और कार सर्विसिंग को पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक बनाएगी.










