धमतरी: ‘ऑपरेशन तलाश’ के बीच खुद अपनों की खोज में उलझी पुलिस, 5 दिनों से लापता नगर सैनिक का सुराग नहीं

धमतरी : जिले में गुमशुदा व्यक्तियों की सुरक्षित घर वापसी के लिए 1 अप्रैल से शुरू हुआ विशेष अभियान ‘ऑपरेशन तलाश’ अब पुलिस प्रशासन के लिए आत्म-परीक्षा बन गया है.अभियान के शुरुआती 72 घंटों के भीतर ही विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने ही एक साथी, नगर सैनिक दीपक पटेल को ढूंढने की है, जो पिछले पांच दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हैं.

ड्यूटी और घर के बीच कहीं खो गया ‘दीपक’

पुलिस लाइन रुद्री में पदस्थ नगर सैनिक दीपक पटेल (निवासी ग्राम जी-जामगांव, थाना बिरेझर) बीते 30 मार्च से लापता हैं.प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक आमतौर पर पुलिस लाइन में रहकर ही अपनी सेवाएं देते थे और अवकाश मिलने पर अपने गांव जाते थे.29 मार्च को ड्यूटी पूरी करने के बाद, 30 मार्च की सुबह उन्होंने अपनी पत्नी को फोन कर घर आने की सूचना दी थी.लेकिन उस कॉल के बाद न तो वे अपने गांव पहुंचे और न ही वापस पुलिस लाइन लौटे.तब से उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है.

जांच के केंद्र में डिजिटल साक्ष्य और व्यक्तिगत आदतें

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कई पहलुओं पर एक साथ काम कर रही है.साइबर सेल के माध्यम से दीपक के मोबाइल की कॉल डिटेल्स (CDR) और अंतिम लोकेशन खंगाली जा रही है.साथ ही, रुद्री से जी-जामगांव के बीच के मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि वे किस दिशा में निकले थे.

सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान दीपक की शराब पीने की आदत का बिंदु भी सामने आया है.पुलिस इस संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है कि नशे की स्थिति में उनके साथ कोई अनहोनी या दुर्घटना हुई हो.हालांकि, इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस हर संदिग्ध मोड़ पर पैनी नजर रखे हुए है.


ऑपरेशन तलाश’ और साख की चुनौती

एक ओर जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  शैलेन्द्र कुमार पांडेय के निर्देशन में पूरे जिले के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल और ढाबों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर विभाग के भीतर अपने साथी के गायब होने से बेचैनी का माहौल है. जानकारों का मानना है कि ‘ऑपरेशन तलाश’ की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि पुलिस कितनी तत्परता से अपने ही लापता जवान को सुरक्षित ढूंढ पाती है.

परिजनों का टूटता सब्र और पुलिस की अपील

जैसे-जैसे समय बीत रहा है, दीपक के परिजनों की चिंता गहराती जा रही है.पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस जानकारी न मिलने से परिवार में चिंता और दहशत का माहौल है.नगर सेना के उनके साथी भी दीपक की जल्द बरामदगी की उम्मीद लगाए बैठे हैं.

उधर धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से भावुक अपील की है कि यदि किसी को भी नगर सैनिक दीपक पटेल या किसी अन्य गुमशुदा व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। आपकी एक छोटी सी सूचना किसी परिवार का बुझा हुआ दीपक फिर से रोशन कर सकती है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com