औरंगाबाद में बड़ा ड्रग्स कांड! कंटेनर से 38 क्विंटल डोडा अफीम बरामद

औरंगाबाद: मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के फलस्वरूप उत्पाद विभाग ने इरका चेक पोस्ट पर एक कंटेनर से भारी मात्रा में डोडा अफीम बरामद किया गया. यह कार्रवाई मध्य निषेध पदाधिकारी शुभम कुमारी सुमन के नेतृत्व में की गई. अधिकारियों के अनुसार कुटुंबा प्रखंड के इस चेक पोस्ट पर 24 घंटे गाड़ी की सघन जांच की जाती है.
जांच के दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोका गया. तलाशी के दौरान भारी मात्रा में डोडा अफीम बरामद किया गया। कंटेनर चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. चालक की पहचान राजस्थान के नागौर के निवासी मदनलाल के रूप में हुई है. पूछताछ में चालक ने कई अहम जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर उत्पाद विभाग आगे की जांच में जुट गया है.
अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है. उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि कंटेनर में कुल 150 बोरियों में 3866.10 किलोग्राम डोडा अफीम बरामद की गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत ढाई करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है.
इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी जिले में अब तक की प्रमुख कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है. पकड़े गए कंटेनर चालक ने पूछताछ के क्रम में बताया कि यह डोडा अफीम झारखंड के रांची जिले के खूंटी क्षेत्र से लोड किया गया था और इसे राजस्थान ले जाया जा रहा था. इस खुलासे के बाद अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह की संलिप्तता की आशंका और गहरी हो गई है.
उत्पाद विभाग ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है. उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.









