IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी पर किसने लगाया ब्रेक? पहली बार छक्का जड़ने के लिए किया इतना इंतजार

IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी पर किसने लगाया ब्रेक? पहली बार छक्का जड़ने के लिए किया इतना इंतजार

वैभव सूर्यवंशी जब-जब क्रीज पर बल्ला लेकर उतरते हैं तो ये साफ होता है कि वो 10-15 गेंदों के अंदर ही इतनी बाउंड्री जड़ देंगे, जितनी कई बल्लेबाज अपनी पूरी पारी में लगा पाते हैं. अपनी विस्फोटक बैटिंग से वैभव ने लाखों-करोड़ों को अपना फैन बना दिया है. मगर लगता है एक नाकामी ने 15 साल के इस बेखौफ बल्लेबाज को भी बदलने को मजबूर कर दिया. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में ऐसा ही कुछ देखने को मिला, जहां उन्हें अपना पहला छक्का जड़ने के लिए ही लंबा इंतजार करना पड़ा.

कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच रविवार 19 अप्रैल को ईडन गार्डन्स में हुए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी पर नजरें थीं. रॉयल्स के इस स्टार ओपनर ने अपने एक साल के करियर में ही ऐसा रुतबा बना लिया कि उनसे उम्मीदें भी उतनी ही बढ़ गई हैं. आईपीएल 2026 में भी वैभव ने विस्फोटक बैटिंग से बड़े-बड़े गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. मगर कोलकाता के खिलाफ वो बिल्कुल बदले हुए नजर आए.

इस सीजन में अभी तक जॉश हेजलवुड, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट जैसे धुरंधर गेंदबाजों के खिलाफ पहली ही गेंद पर छक्का या चौका जमाने वाले वैभव ने इस बार पारी की शुरुआत 1 रन लेकर की. ये अपने आप में थोड़ा हैरान करने वाला था. मगर इससे भी ज्यादा चौंकाने वाला नजारा तो इसके बाद दिखा, जब अपनी पारी की शुरुआती 14 गेंदों तक वैभव ने एक भी शॉट हवा में नहीं खेला और सिर्फ ग्राउंड शॉट्स खेलकर चौके बटोरने पर ही ध्यान दिया.

वैभव ने अपनी इस पारी का पहला छक्का 15वीं गेंद पर जमाया. इस सीजन में ये पहला मौका था, जब वैभव को एक एक छक्का जमाने के लिए इतना लंबा इंतजार करना पड़ा. इससे पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 14वीं गेंद पर पहला छक्का जमाया था. वहीं बेंगलुरु, मुंबई और चेन्नई के खिलाफ तो उन्होंने शुरुआती 10 गेंदों के अंदर ही छक्के जमाकर धुआंधार आगाज करते रहे हैं.

उम्मीद के उलट धीमी शुरुआत के बावजूद वैभव सूर्यवंशी बिना किसी परेशानी के 160 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते रहे. हालांकि, ये उनके IPL करियर में पहला ही मौका था, जब 25 से ज्यादा गेंदों का सामना करने के बावजूद वो अर्धशतक नहीं लगा सके. वैभव को 9वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने पवेलियन लौटाया. अपनी पारी में उन्होंने 28 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें 6 चौके, 2 छक्के शामिल थे.

वैभव का ये बदला हुआ अंदाज ठीक उस मैच के बाद आया, जिसने हर किसी को चौंका दिया था. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में वो अपनी पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए थे. उन्हें आउट किया था प्रफुल हिंगे ने, जो IPL में डेब्यू कर रहे थे. वैभव उस मैच में पहली ही गेंद पर छक्का जमाने की कोशिश में कैच आउट हो गए थे. ऐसे में KKR के खिलाफ उनकी बैटिंग में पिछली नाकामी की झिझक साफ दिखी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com