रायपुर में वकील को अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेल, 50 हजार रुपए की मांग

रायपुर। राजधानी में साइबर ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने एक वकील को अश्लील वीडियो भेजकर 50 हजार रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर वीडियो को सोशल मीडिया, इंटरनेट और मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस जांच में जुट गई है।

वीडियो भेजकर मांगी रंगदारी

पीड़ित वकील कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि 20 मई की शाम करीब 5:27 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मिस्ड कॉल आया। जब उन्होंने वापस कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने वीडियो भेजने की बात कही। इसके कुछ देर बाद दूसरे मोबाइल नंबर से उनके फोन पर एक अश्लील वीडियो भेजा गया।

वीडियो देखने के बाद वकील हैरान रह गए। इसी दौरान आरोपी ने दोबारा कॉल कर कहा कि यदि 50 हजार रुपए नहीं दिए गए तो वीडियो को वायरल कर उनकी बदनामी कर दी जाएगी।

पैसे देने से किया इनकार

शिकायतकर्ता ने साफ कहा कि वीडियो से उनका कोई संबंध नहीं है और उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर धमकियां देने लगा। परेशान होकर वकील ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

साइबर ट्रेसिंग में जुटी पुलिस

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, लोकेशन और साइबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। शुरुआती जांच में इसे साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल एक्सटार्शन का मामला माना जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com