धमतरी में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप की चपेट में आने से युवक की मौत

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मगरलोड थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने युवक को कुचल दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो बेहद भयावह बताया जा रहा है।
चलती बाइक से गिरा युवक
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान यशवंत निषाद के रूप में हुई है, जो अमलीडीह का निवासी था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बाइक से सड़क पर गिर पड़ा।
पिकअप ने सिर कुचला, मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि युवक जैसे ही सड़क पर गिरा, उसी समय पास से गुजर रही तेज रफ्तार पिकअप उसकी चपेट में आ गई। पिकअप का पहिया युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
CCTV वीडियो आया सामने
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक अचानक बाइक समेत सड़क पर गिरता है और पीछे से आ रही पिकअप उसे कुचल देती है। हादसे का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।











