रायपुर: निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर PWD सचिव का फोकस

रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेशभर में चल रहे निर्माण कार्यों, टेंडर प्रक्रियाओं और आगामी परियोजनाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।सचिव बंसल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय कामकाज में जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निर्माण कार्यों में तकनीक के उपयोग पर जोर

बैठक के दौरान सचिव बंसल ने विभागीय अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों और डिजिटलीकरण को तेजी से अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए तकनीकी उपकरणों, सॉफ्टवेयर और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग कर कार्यों की गति और दक्षता बढ़ाई जाए।अधिकारियों ने जानकारी दी कि आधुनिक जियो-इन्फॉर्मेटिक्स तकनीक के जरिए निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग, मैपिंग और प्रोजेक्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के निर्देश

समीक्षा बैठक में टेंडर प्रक्रिया को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सचिव बंसल ने कहा कि सभी टेंडर प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता और तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित और कड़ी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही कार्य आबंटन, बिलिंग प्रक्रिया और भुगतान प्रणाली की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों और ठेकेदारों के कार्य निष्पादन की स्थिति पर भी चर्चा हुई।

कचना रेलवे ओवरब्रिज की प्रगति पर ली जानकारी

बैठक में रायपुर के कचना रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सचिव बंसल ने परियोजना की वर्तमान स्थिति, तकनीकी व्यवस्थाओं और गुणवत्ता नियंत्रण संबंधी जानकारी अधिकारियों से ली।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com