नवतपा से पहले ही तपने लगा छत्तीसगढ़, रायपुर में भीषण गर्मी का कहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सूरज आग उगल रहा है। गुरुवार को रायपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि माना इलाके में सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोग दिनभर बेहाल नजर आए।
दोपहर में सड़कें सूनी, कूलर भी हुए बेअसर
भीषण गर्मी का असर ऐसा रहा कि दोपहर के समय सड़कें लगभग सूनी दिखाई दीं। गर्म हवाओं के कारण कूलर और पंखे भी राहत नहीं दे पाए। लोगों का कहना है कि दोपहर में एक मिनट के लिए भी घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। रात में भी गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे उमस और बेचैनी बढ़ गई।
रायपुर में आज 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर के लिए ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम साफ रहने के कारण धूप और तेज होने के आसार हैं।
कई जिलों में हीटवेव का ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।वहीं कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए एक-दो स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की एडवायजरी, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। विशेषकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सावधानी बरतने को कहा गया है। विभाग ने पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और शरीर को पूरी तरह ढंककर रखने की सलाह दी है।











