रायपुर को मिला ट्रैफिक जाम से बड़ा तोहफा, आज से शुरू होगा कचना ओवरब्रिज,CM साय करेंगे लोकार्पण

Raipur। राजधानी रायपुर के लोगों को ट्रैफिक जाम से जल्द बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद कचना ओवरब्रिज शुक्रवार से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai शाम को इसका लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री Arun Sao भी मौजूद रहेंगे।
49 करोड़ की लागत से तैयार हुआ ओवरब्रिज
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार कचना ओवरब्रिज का निर्माण लगभग 49 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। शासन ने मार्च 2022 में 48.78 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी थी, जबकि सितंबर 2023 में निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी किया गया।अनुबंध के अनुसार परियोजना को 18 महीने में पूरा किया जाना था, लेकिन रेलवे से ड्राइंग-डिजाइन और गर्डर संबंधी मंजूरी समय पर नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य में देरी हुई। अब निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसे जनता के लिए खोल दिया गया है।
रेलवे फाटक पर जाम से मिलेगी राहत
शंकरनगर-खम्हारडीह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में गिना जाता है। इसी रास्ते से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। दूसरी ओर रायपुर-वाल्टेयर रेललाइन पर लगातार ट्रेनों की आवाजाही के चलते कचना रेलवे फाटक कई बार बंद करना पड़ता था, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता था।ओवरब्रिज शुरू होने के बाद अब लोगों को फाटक पर रुकना नहीं पड़ेगा और आवागमन पहले की तुलना में ज्यादा तेज और सुगम होगा।
लोकार्पण समारोह के दौरान रहेगा रूट डायवर्जन
लोकार्पण समारोह को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक खम्हारडीह से कचना और कचना से खम्हारडीह जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है।यातायात पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान के मुताबिक अनुपम नगर से कचना जाने वाले वाहन श्रीराम नगर ओवरब्रिज, अशोका रतन और बीएसएनएल कार्यालय होते हुए कचना की ओर जा सकेंगे। वहीं कचना से खम्हारडीह जाने वाले वाहन बीएसएनएल कार्यालय और श्रीराम नगर ओवरब्रिज होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।











